बंगलार जागरण डॉट कॉम संवाददाता

आसनसोल, 10 जून 2025
आसनसोल के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डा. रमण राज को पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तारी के करीब सात महीने बाद आज जमानत मिल गई है। बीते 20 नवंबर 2024 को आसनसोल की महिला थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी थी, और पीड़िता का परीक्षण (एक्जामिनेशन) तथा जिरह (क्रॉस एक्जामिनेशन) पूरा होने के बाद मंगलवार को हुई सुनवाई में आसनसोल पॉक्सो कोर्ट ने डा. रमण राज की जमानत याचिका मंजूर कर ली।
गिरफ्तारी के समय पीड़िता की वकील मीता मजूमदार ने दावा किया था कि डा. रमण राज ने इलाज के दौरान एक नाबालिग बच्ची के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया। पीड़िता ने इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजनों ने आसनसोल महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद डा. रमण राज को आसनसोल पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने पांच दिनों की रिमांड की मांग की थी। हालांकि, कोर्ट ने एक दिन की रिमांड मंजूर की थी।
मामले की सुनवाई के दौरान डा. रमण राज की ओर से प्रसिद्ध अधिवक्ता शेखर चंद्र कुंडू और अभिजीत घटक ने पैरवी की। उनकी दलीलों और मामले की जांच के बाद कोर्ट ने जमानत देने का फैसला सुनाया। सुनवाई के दौरान टीएमसी पार्षद रणबीर सिंह भी कोर्ट में मौजूद थे। उन्होंने कहा, “हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। डा. रमण राज को न्याय जरूर मिलेगा।”
इस मामले ने स्थानीय समुदाय में काफी हलचल मचाई थी, क्योंकि डा. रमण राज एक जाने-माने चिकित्सक हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद शिल्पांचलवासियों में आश्चर्य और निराशा की लहर दौड़ गई थी। अब जमानत मिलने के बाद इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *